पंजाब वित्तीय आपदा की दिशा में जा रहा है: ढींढसा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 08, 2018 - 05:14 PM (IST)

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता परमिंदर सिंह ढींढसा ने आज आरोप लगाया कि पंजाब सरकार जिस तरह कर्ज ले रही है, राज्य वित्तीय आपदा की दिशा में जा रहा है। ढींढसा ने यहां जारी बयान में कहा कि इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में पंजाब सरकार का बाजार कर्ज पिछले साल इसी तिमाही में लिए कर्ज से 75 फीसदी अधिक है जो चिंतनीय है तथा राज्य की वित्तीय हालत को दर्शाता है। शिअद नेता ने कहा कि रिपोर्ट दिखाती हैं कि राज्य का कर्ज 1649 करोड़ की वृद्धि के साथ 3742 करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने कहा कि कर्ज में हर महीने वृद्धि हो रही है तथा अप्रैल में जहां यह 341 करोड़ था, मई में 1529 करोड़ तथा जून में 1870 करोड़ हो गया। 

उन्होंने कहा कि कर्ज की रफ्तार यही रही तो राज्य को बहुत जल्द वित्तीय आपदा का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इसका कारण राज्य की नीतियां हैं। ढींढसा ने कहा कर्ज बढऩे के साथ आबकारी, करों, मूल्य वर्धित कर तथा वस्तु एवं सेवा कर और अन्य स्रोतों से प्राप्तियों में गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। ढींढसा ने कहा कि राज्य के वित्तीय संकट का असर राज्य के विकास पर हो रहा है और तथा सारा राजस्व कर्मचारियों के वेतन और पेंशन आदि जैसे भुगतानों पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते की किश्तें जारी नहीं की जा रही हैं जबकि पड़ोसी हरियाणा यह किश्तें जारी कर चुका है। शिअद नेता ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं के लिए भी सरकार के पास पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि नई विकास योजनाएं शुरू नहीं हो पा रही हैं, चालू योजनाओं पर कार्य रुक गया है और किसान कर्ज माफी पर भी सरकार सिर्फ शोर ही मचा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News