पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर दबोचे; लाखों का सामान बरामद
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 05:39 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): बरनाला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बताया जा रहा है कि सीआईए स्टाफ की टीम ने चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरीशुदा सामान बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि हरदीप सिंह उर्फ दीपा (निवासी रोडे फाटक खुड्डी रोड, बरनाला), जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू और गुरप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला (निवासी हंडियाया रोड, बरनाला) ने मिलकर एक सक्रिय गिरोह बना रखा था। ये आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों पर सवार होकर रात के अंधेरे में बरनाला और आसपास के इलाकों में दुकानों व रिहायशी घरों को निशाना बनाते थे। इस संबंध में थाना शैहणा में मुकदमा नंबर 75 दर्ज किया गया है।
सीआईए पुलिस पार्टी ने बंद टोल प्लाजा (निकट बाहद जगजीतपुरा) पर नाकाबंदी दौरान तीनों आरोपियों को एक मोटरसाइकिल सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गहराई से की गई पूछताछ दौरान आरोपी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सू ने स्वीकार किया कि उसने 5 और 6 सितम्बर 2026 की दरमियानी रात को हंडियाया रोड पर स्थित 'आर.एस. एंटरप्राइजेज' की दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस चोरी के संदर्भ में थाना सिटी-2 बरनाला में मुकदमा नंबर 450 पहले से दर्ज है।

