‘आप’ सरकार ने पंजाब को पुलिस स्टेट बना दिया: शुभम शुभी शर्मा

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 06:09 PM (IST)

संगरूर : पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शुभी शर्मा ने आज संगरूर सरकारी अस्पताल में मोहन्‍जीत सिंह शेरों का हालचाल जाना और उनसे मुलाकात कर पुलिस कार्रवाई के संबंध में जानकारी हासिल की। शुभम शुभी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को काले झंडे दिखाकर शांतिपूर्ण ढंग से सवाल पूछने के मामले में मोहन्‍जीत सिंह शेरों को गिरफ्तार करना और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट एवं अत्याचार करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है।

उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को पुलिस स्टेट बना दिया है। लोगों के सवालों का जवाब देने के बजाय पुलिस की ताकत के जरिए उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि सरकारी बौखलाहट और तानाशाही सोच का प्रदर्शन है।”

शुभम शुभी शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपने चुने हुए प्रतिनिधियों से सवाल पूछने, अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार की आलोचना करना या सवाल पूछना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर कोई आम नागरिक मुख्यमंत्री से सवाल पूछता है तो उसका जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है। सवाल का जवाब डंडे के बल पर देना लोकतांत्रिक सरकार की विफलता और जनता के प्रति उसकी बेरुखी को दर्शाता है।”

पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ने मांग की कि मोहन्‍जीत सिंह शेरों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी पुलिस अधिकारी द्वारा कानून का उल्लंघन या हिरासत के दौरान अत्याचार किए जाने की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

शुभम शुभी शर्मा ने कहा कि पंजाब यूथ कांग्रेस किसी भी तरह की सरकारी धक्केशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी और पंजाब के युवाओं, किसानों तथा आम लोगों के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा, “मोहन्‍जीत सिंह शेरों अकेले नहीं हैं। पंजाब यूथ कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। सरकार चाहे जितनी भी पुलिस की ताकत का इस्तेमाल कर ले, पंजाब के लोग सवाल पूछने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News