पंजाब में किसके कटे वोट और किसके जुड़े नाम? SIR के बाद जारी हुई फाइनल लिस्ट
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 11:14 AM (IST)
चंडीगढ़ : पंजाब में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के बाद कई अहम बदलाव सामने आए हैं। सोमवार को जारी अंतिम सूची में राज्य के कुल मतदाताओं की संख्या करीब 2.14 करोड़ से घटकर 2.01 करोड़ रह गई है। इस दौरान करीब 13.60 लाख नाम कम हुए। जांच में लगभग 8 लाख लोग दूसरे राज्यों में शिफ्ट पाए गए, करीब 4 लाख मतदाताओं की मौत दर्ज हुई और एक लाख से ज्यादा डुप्लीकेट एंट्रियां सामने आईं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि 13 अगस्त को प्रकाशित शुरुआती सूची में 1.94 करोड़ मतदाता शामिल थे। इसके बाद लोगों को दावे और आपत्तियां दर्ज करवाने का मौका दिया गया, जिसके दौरान करीब 8 लाख नाम जोड़े गए। अब अंतिम सूची निर्वाचन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। राजनीतिक दलों को भी इसकी प्रतियां दी गई हैं, ताकि वे अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची का मिलान कर सकें।
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए चलेगी मुहिम
अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद अब चुनाव विभाग का फोकस उन लोगों पर रहेगा, जो पात्र होने के बावजूद वोटर लिस्ट में जगह नहीं बना पाए। इसके लिए अगले सप्ताह से अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में लोग बीएलओ से सीधे संपर्क कर सकेंगे और सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि कर सकेंगे। नाम नहीं मिलने पर नए पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।
हर पोलिंग स्टेशन पर पहले से ज्यादा सुविधा
पंजाब में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाने का फैसला मतदाताओं को वोट डालने के लिए बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से लिया गया है। पहले जहां राज्य में 24,453 पोलिंग स्टेशन थे, वहीं अब यह संख्या 25,332 हो गई है। नए इंतजाम के तहत 879 अतिरिक्त केंद्र बनाए गए हैं, जिससे मतदान केंद्रों के वितरण में बदलाव हुआ है।
जांच में हजारों नामों पर उठे सवाल
एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान विभाग ने 35,49,036 मतदाताओं को नोटिस भेजकर उनकी जानकारी की जांच की। सत्यापन के बाद 86,038 लोगों को पात्र नहीं पाया गया। अंतिम सूची के आंकड़ों में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,03,76,026 और महिला मतदाताओं की संख्या 97,24,195 दर्ज की गई है, जबकि थर्ड जेंडर के 506 मतदाता सूची में शामिल हैं। मतदाता सूची से जुड़ी परेशानी होने पर लोग सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक 1950 हेल्पलाइन पर सहायता ले सकते हैं। अंतिम सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceopunjab.gov.in और निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर उपलब्ध है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

