Punjab : 2 नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, मकान किए ध्वस्त
punjabkesari.in Thursday, May 22, 2025 - 07:48 PM (IST)

जंडियाला गुरु : आज अमृतसर जिला प्रशासन ने जंडियाला गुरु के निकट गांव धरड़ में 2 नशा तस्करों के मकानों को जे.सी.बी. मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान आप्रेशन का नेतृत्व कर रहे जिला पुलिस प्रमुख मनिंद्र सिंह ने बताया कि उक्त मकान जगप्रीत सिंह उर्फ जग्गा पुत्र बलविंद्र सिंह तथा सतनाम सिंह उर्फ सत्ता पुत्र बलदेव सिंह का है। उन्होंने बताया कि दोनों लंबे समय से नशे के कारोबार में लिप्त हैं। जगप्रीत सिंह के खिलाफ 7 एन.डी.पी.एस. मामले दर्ज हैं और 7 अन्य के खिलाफ 4 एन.डी.पी.एस. मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी फिलहाल जेल में हैं।
जिला पुलिस प्रमुख ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ छेड़ी गई जंग के तहत अमृतसर जिले में यह 5वां अभियान है, जिसमें नशा तस्करों द्वारा किए गए अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने घर बनाने के लिए कई लोगों के घर तोड़ दिए, उन्हें महलों की सुख-सुविधाएं नहीं मिलने दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसमें आरोपी व्यक्ति को कारावास के साथ-साथ उसकी सम्पत्ति जब्त करना या उसके अवैध निर्माण को ध्वस्त करना भी शामिल है।