Punjab : गरीब परिवार पर टूटा बारिश का कहर, पलभर में मलबे में बदल गया कमरा
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 08:05 PM (IST)
अबोहर (सुनील भारद्वाज): लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। शहर में जर्जर मकानों की छतें गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। आज दोपहर प्रेम नगर की गली नंबर-4 में एक गरीब परिवार के कमरे की छत अचानक गिर गई। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य कुछ सेकेंड पहले ही कमरे से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि छत गिरने से घर का सामान मलबे में दब गया और परिवार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीडि़त राकेश कुमार ने बताया कि वह पेंट का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है, जबकि उसका बेटा फास्ट फूड की रेहड़ी लगाकर घर चलाने में सहयोग करता है।
आज दोपहर पूरा परिवार कमरे में बैठा हुआ था। इसी दौरान कमरे के बाहर बने छज्जे का एक हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। छज्जा गिरते ही उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और वे तुरंत परिवार के सभी सदस्यों को लेकर कमरे से बाहर निकल आए। कुछ ही क्षण बाद पूरी छत गिर गई।
राकेश कुमार ने बताया कि यदि परिवार कुछ सेकेंड और कमरे के अंदर रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था। छत गिरने से कमरे में रखा एलईडी टीवी, डबल बैड, फ्रिज, संदूक समेत अन्य घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
पीडि़त परिवार का कहना है कि उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और वह अपने स्तर पर दोबारा मकान की छत बनवाने में सक्षम नहीं है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश से हुए नुकसान का सर्वे करवाकर जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।

