पंजाब के लिए चिंताजनक खबर, सामने आई इस Report से दंग रह गए सब...
punjabkesari.in Tuesday, Jun 17, 2025 - 04:59 PM (IST)

चंडीगढ़: पूरे देश का पेट भरने वाले पंजाब की खेती को लेकर बेहद चिंताजनक स्थिति सामने आई है। प्रदेश की उपजाऊ धरती में अब पोषक तत्वों की भारी कमी पाई गई है। यह खुलासा कृषि विभाग की 'सॉइल हेल्थ कार्ड' रिपोर्ट 2024-25 में हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कृषि विभाग ने राज्य के सभी जिलों की कृषि योग्य भूमि से 2.75 लाख मिट्टी के सैंपल लिए, जिनकी जांच में पाया गया कि 82.8% जमीन में जैविक कार्बन की मात्रा बेहद कम है, जबकि 36% जमीन में यह कमी अत्यधिक स्तर की है। लगभग 46.7% सैंपलों में मध्यम मात्रा में जैविक कार्बन मिला। जैविक कार्बन भूमि की उर्वरता के लिए सबसे ज़रूरी तत्व होता है क्योंकि इससे ही मिट्टी के बाकी सभी पोषक तत्व संतुलित रहते हैं।
कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में पंजाब की ज़मीन बंजर होने का खतरा बना रहेगा। इसका मुख्य कारण किसानों द्वारा खेतों में पराली जलाना और फसल चक्र में बदलाव न करना बताया गया है, जिससे मिट्टी की उर्वर शक्ति लगातार कम हो रही है। राज्य सरकार ने कृषि नीति में गेहूं और धान के रकबे को 15 लाख हेक्टेयर तक कम कर कपास, मक्का और मूंग जैसी वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने की योजना बनाई थी, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी यह नीति ज़मीन पर लागू नहीं हो सकी है।