स्कूल जा रही दो अध्यापिकाओं के साथ हादसा, ‘छोटा हाथी’ ने रौंदा, एक की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 07:50 PM (IST)

बरनाला  (विवेक सिंधवानी, रवि): सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहन और ट्रैफिक नियमों की उड़ती धज्जियां रोजाना कई हंसते-खेलते परिवारों के चिराग बुझा रही हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला हंडियाया के स्टैंडर्ड चौक ओवरब्रिज के नीचे से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार 'छोटा हाथी' (टेम्पो) ने स्कूटी सवार दो युवा अध्यापिकाओं को बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवा अध्यापिका अमनप्रीत कौर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी साथी सरबजीत कौर जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव सेखा की रहने वाली दोनों सहेलियां अमनप्रीत कौर (28) पुत्री जसपाल सिंह और सरबजीत कौर पुत्री बलजिंदर सिंह रोजाना की तरह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। वे अपनी स्कूटी पर सवार होकर बरनाला से बठिंडा की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे हंडियाया के स्टैंडर्ड चौक ओवरब्रिज के नीचे पहुंचीं, तो मानसा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार 'छोटा हाथी'  ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद आरोपी टेम्पो चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया।
 
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स  टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत घायल महिलाओं को संभाला और सिविल अस्पताल बरनाला में दाखिल करवाया। अमनप्रीत कौर की हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आदेश अस्पताल, भुच्चो मंडी (बठिंडा) रेफर कर दिया। लेकिन अफसोस, जख्मों का ताव न सहते हुए अमनप्रीत कौर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी ओर, दूसरी अध्यापिका सरबजीत कौर बरनाला के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जहां उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
  
28 वर्षीय युवा अध्यापिका की मौत की खबर जैसे ही गांव सेखा पहुंची, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल प्रशासन ने भी इस हादसे पर गहरे दुख का इजहार किया है। हंडियाया पुलिस के अनुसार फरार टेम्पो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और वाहन के नंबर के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News