Punjab Weather : मौसम विभाग का बारिश को लेकर ‘ऑरेंज व यैलो अलर्ट’, जानें कब
punjabkesari.in Sunday, Jun 22, 2025 - 09:23 AM (IST)

जालंधर (पुनीत): पिछले 2-3 दिन से उमस भरे मौसम से जनता का हाल बेहाल हो रहा है। तापमान में भले ही कुछ गिरावट हुई लेकिन उमस वाली गर्मी को सहन कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है, जिसके चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। इसी के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ नजर आ रहा है।
दोपहर के समय शहर की विभिन्न सड़कों पर रूटीन के मुताबिक रश कम रहा। अब आने वाले दिनों में गर्मी से राहत बनने के आसार बने हुए है। इसी क्रम में मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केन्द्र द्वारा 22 जून को पंजाब के विभिन्न जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहीं कई जिलों के लिए यैलो अलर्ट रहेगा। इसी तरह से 23 को कई जिलों में बारिश होने के बारे बताया गया है जिसमें महानगर जालंधर भी शामिल है।
तापमान की बात की जाए तो मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक पंजाब के विभिन्न जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। सबसे अधिक 2.5 डिग्री की गिरावट अमृतसर में दर्ज की गई है और वहां का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री रिकार्ड हुआ है।
महानगर जालंधर में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री रिकार्ड हुआ। लुधियाना में 34.6, होशियारपुर में 33.5 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। पंजाब में सबसे कम न्यनूतम तापमान 24 डिग्री व अधिकतम तापमान 30 डिग्री पठानकोट में दर्ज किया गया। पठानकोट में भारी बारिश ने बड़ी राहत देने का काम किया है और अब जालंधर सहित आसपास के शहरों में बारिश का इंतजार है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here