Punjab में बढ़ेगी गर्मी! मौसम विभाग ने 16-17 अप्रैल को लेकर जारी की बड़ी भविष्यवाणी
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 10:58 AM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब में पिछले कुछ दिनों की मौसम हलचल के बाद अब तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार आने वाले सप्ताह में गर्मी का असर और बढ़ेगा, जिससे अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक उछाल आ सकता है। बीते दिन राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई थी, लेकिन अब मौसम साफ होने के कारण तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जबकि 16 और 17 अप्रैल को कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बठिंडा रहा सबसे गर्म
राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की गिरावट आई है, जिससे रातें अभी भी सामान्य से ठंडी महसूस हो रही हैं। बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में 33 डिग्री और फरीदकोट में 32.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं अमृतसर में सबसे कम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है—फिरोजपुर 31.8 डिग्री, लुधियाना 31.6 डिग्री और रूपनगर 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा। ट्राइसिटी में चंडीगढ़ 31.9 और मोहाली 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पठानकोट में 30.3, बंगा (शहीद भगत सिंह नगर) में 31.2 और गुरदासपुर में 30.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
किसानों के लिए सलाह
तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के बीच विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पकी हुई गेहूं की फसल के लिए यह मौसम महत्वपूर्ण है। बारिश की संभावना कम होने के चलते किसान कटाई की योजना बना सकते हैं, लेकिन 16 अप्रैल के आसपास मौसम में बदलाव को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहना जरूरी है।

