Weather Alert: पंजाब में मौसम को लेकर IMD का बड़ा Update
punjabkesari.in Tuesday, Nov 04, 2025 - 06:30 PM (IST)
पंजाब डेस्क : पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग द्वारा पहले से जारी किए अलर्ट अनुसार आज पंजाब के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम के अनुसार इस बार पंजाब में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इस बदलाव से जहां लोगों को ठंडक का अहसास हुआ, वहीं दिनभर आसमान में फैली धुएं की परत ने शहर को प्रदूषण के घेरे में रखा।
इसका अंदाजा पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से लगाया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी का असर जमीनी स्तर पर भी देखने को मिलेगा। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं का असर भी दिखने लगा है, आने वाले दिनों में यानी अगले हफ्ते तक ठंड अपना जोर दिखाएगी। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में राज्य के कई जिलों में रात के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे सुबह-शाम हवा में ठंडक का एहसास होने लगेगा। राज्य के कई जिलों में कोहरा पड़ने लगा है, जिससे सुबह से ही ठंडी हवाएं महसूस की जा रही हैं। ग्रामीण इलाकों में लोग अब सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 और 6 नवंबर के लिए पंजाब समेत उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 5 नवंबर को पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर और आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना है, जबकि 6 नवंबर को अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर और रूपनगर इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह विक्षोभ आज से सक्रिय हो जाएगा। हालांकि, इसका असर 5 और 6 नवंबर को पंजाब पर भी पड़ेगा। इन दिनों पंजाब के ज़्यादातर शहरों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही ठंड भी बढ़ेगी। वैज्ञानिकों ने बताया कि बारिश के बाद सुबह और रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे रातें सर्द होंगी और सुबह के समय ठंडी हवाएँ महसूस होंगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

