पंजाब में रिकॉर्डतोड़ बारिश, टूटा पिछले 10 सालों का Record, जानें मौसम का पूरा हाल

punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 05:29 PM (IST)

पंजाब डेस्कः पंजाब में इस साल अप्रैल महीने के दौरान मौसम ने बड़ा बदलाव दिखाया है। राज्य में सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिसने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए।

10 सालों में सबसे ज्यादा बारिश
जानकारी के अनुसार, पंजाब में अप्रैल महीने में सामान्य तौर पर 14.4 mm बारिश होती है, लेकिन इस बार औसतन 27.2 mm बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 89% अधिक है। यह पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा बारिश मानी जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, 2015 में 29.8 mm बारिश के बाद यह दूसरा मौका है जब अप्रैल में इतनी ज्यादा बरसात हुई है। खास बात यह है कि इस बारिश ने मई महीने के लगभग 75% कोटे को पहले ही पूरा कर दिया है। हालांकि, महीने के आखिर में गर्मी ने भी अपने तेवर दिखाए। 16 से 27 अप्रैल के बीच लू चली और पटियाला में 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर में 5 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रहा। जिलों की बात करें तो सबसे ज्यादा बारिश फाजिल्का में 57.6 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 526% अधिक है। इसके अलावा रूपनगर, पठानकोट, मोगा और फिरोजपुर में भी भारी बारिश हुई। 

कम बारिश वाले इलाके
वहीं, कुछ इलाकों में बारिश कम रही। होशियारपुर में सामान्य से 67% कम बारिश दर्ज की गई, जबकि जालंधर और लुधियाना में क्रमशः 28% और 29% कम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 3 से 6 मई के बीच पंजाब के कई हिस्सों में हल्की बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, मानसून के 16 मई तक अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में सक्रिय होने की उम्मीद जताई गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News