Punjab में बारिश-तूफान और बिजली चमकने की चेतावनी, जानें मौसम का पूरा हाल...
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 12:24 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब के मौसम को लेकर नई अपडेट सामने आ रही है। दरअसल, राज्य में हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी कई जिलों में बिजली चमकने, गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने 29 अप्रैल से 3 मई तक राज्य में बारिश और गरज-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों के लिए जारी हुई चेतावनी
इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कई जगह हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में बिजली गिरने, गरज और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले में जाने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में औसतन अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट के कारण राज्य का तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे आ गया है। तापमान में गिरावट के बावजूद बठिंडा में सबसे अधिक 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं, गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह सबसे ठंडा क्षेत्र रहा।
किसानों के लिए चिंता का कारण बना बदलता मौसम
हालांकि आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बदलता मौसम किसानों के लिए चिंता का कारण बन गया है। अप्रैल का आखिरी सप्ताह गेहूं की कटाई का मुख्य समय होता है। पंजाब के कई इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हुई बारिश मंडियों में खुले में रखी फसल और खेतों में खड़ी गेहूं को नुकसान पहुंचा सकती है। आने वाले दिनों में भी तेज हवाओं और आंधी की चेतावनी को देखते हुए किसानों को अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने और तिरपाल से ढककर रखने की सख्त जरूरत है, ताकि मौसम से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।

