Punjab में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 09:31 AM (IST)

पंजाब डेस्कः पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 16 जिलों में गरज-चमक, बारिश, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी चंडीगढ़ में भी दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

इन 16 जिलों में रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार जिला पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। वहीं आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।  आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़े भी आए सामने
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 16 जून 2026 तक पंजाब में औसतन 20.1 mm बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 20.6 mm है। यानी इस अवधि में राज्य में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि, नवांशहर में सबसे अधिक 71.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 93 प्रतिशत अधिक है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News