Weather: पंजाब में अगले 48 घंटों के बीच झमाझम बारिश का Alert, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 09:42 AM (IST)

पंजाब डेस्कः पिछले दिनों हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में 3 डिग्री के करीब बढ़ौतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं तथा बारिश की संभावना जताई है। 

जिला बठिंडा सबसे गर्म 
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में सोमवार की तुलना में 2.9 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान अभी भी सामान्य से 4.2 डिग्री सैल्सियस कम बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान  बठिंडा में 40.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जिससे बठिंडा राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। जालंधर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सैल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हुआ, जबकि शाम के समय बादलों की आवाजाही भी देखने को मिली। तापमान में बढ़ौतरी के साथ ही दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही और लोग गर्मी से बचने के लिए छांव तथा ठंडे स्थानों का सहारा लेते नजर आए। 

3 और 4 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नमी तथा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते पंजाब में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। इसी कारण अगले 48 घंटों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ क्षेत्रों में आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 और 4 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी दिनों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियों के कारण तापमान में दोबारा गिरावट दर्ज हो सकती है। हालांकि फिलहाल दिन के समय गर्मी और उमस का असर बना रहने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News