Weather: पंजाब में आज झुलसाएगी गर्मी, बुधवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश का Alert, पढ़ें...
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 09:14 AM (IST)
जालंधर: पंजाब में मौसम का बदलाव आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा जिसके चलते तेज धूप व आंधी-तूफान का बदलता मौसम देखने को मिलेगा। इसी क्रम में 2 जून को मध्यम गर्मी का असर रहेगा जबकि 3 जून से राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है, इसे लेकर कई जिलों में य़ैलो तथा कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने जारी किए ताजा आंकड़े
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले 2.9 डिग्री सैल्सियस की बढ़ौतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सैल्सियस नीचे बना हुआ है। पंजाब में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जालंधर में गत दिवस अधिकतम तानुमान करीब 36 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में लगभग 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सैल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। इस प्रकार दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री का अंतर देखने को मिला।
3 जून से मौसम दोबारा करवट ले सकता है
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में तेज धूप और उमस के कारण गर्मी का अहसास बढ़ेगा, जबकि रात के समय तापमान अपेक्षाकृत कम रहने से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसी तरह से 2 जून को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और मध्यम गर्मी पड़ने की संभावना है, लेकिन 3 जून से मौसम दोबारा करवट ले सकता है। विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में Yellow Alert
पूर्वानुमान के मुताबिक 3 जून को जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, होशियारपुर, नवांशहर, अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट, मोगा, फरीदकोट और मानसा सहित कई जिलों में यैलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बठिंडा, मुक्तसर, फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां मौसम अधिक प्रभावी रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर रोपड़ और आसपास के कुछ इलाकों में अपेक्षाकृत सामान्य मौसम बने रहने के आसार है।

