पंजाब में पहली बार बारिश का Red Alert, अगले 7 दिन भारी, हिमाचल में हालात बिगड़े

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 09:21 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद अब पंजाब और चंडीगढ़ में भी मौसम विभाग ने पहली बार रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी जताया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि वे पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें। इसके अलावा जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से भी लोगों को रोका गया है। विभाग ने अगले 7 दिनों तक यानी 2 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है तथा लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

वहीं हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। भारी बारिश से भाखड़ा बांध और पौंग डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों बांधों में पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है, जिससे पंजाब के निचले इलाकों में भी चिंता बढ़ गई है।

उधर, हिमाचल के पठानकोट-चंबा हाईवे पर बारिश के चलते एक बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि परिवार घर लौटते समय हादसे का शिकार हुआ। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई जगहों पर सड़कें प्रभावित हुई हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News