मानसून की रफ्तार थमी! उमस से बेहाल Chandigarh, 20 जुलाई के बाद बारिश के आसार
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 03:02 PM (IST)
चंडीगढ़: मानसून आने के बाद शुरुआती कुछ दिनों की अच्छी बारिश के बावजूद चंडीगढ़ में एक बार फिर गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। एक जुलाई को मानसून के आगमन की घोषणा के बाद पहले 10 दिनों तक बेहद कम बारिश हुई। इसके बाद तीन दिन अच्छी बारिश देखने को मिली, लेकिन पिछले छह दिनों से मौसम पूरी तरह बदल गया है और लोग दोबारा बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
गुरुवार को दिनभर तेज धूप और भारी उमस के बीच अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हवा में 82 फीसदी नमी होने के कारण लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि बाहर ही नहीं, घरों के अंदर भी गर्मी से राहत नहीं मिली। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग में भी लगातार इजाफा हो रहा है। दिन के समय बिजली की खपत 445 मेगावाट तक पहुंच गई, जबकि रात में भी करीब 375 मेगावाट बिजली की खपत दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है और लोगों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, राहत की खबर यह है कि 20 जुलाई के बाद मानसून फिर सक्रिय हो सकता है और लगातार तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
2002 में 43 दिन बाद लौटा था मानसून
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2002 में 30 जून को मानसून आने के बाद लंबा ब्रेक लग गया था। जुलाई में केवल 11 मिमी बारिश हुई थी और करीब 43 दिन बाद 13 अगस्त को मानसून दोबारा सक्रिय हुआ था। वहीं, 2004 में भी जुलाई के दौरान सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई थी।

