Punjab Weather: 23 जिलों में आज बारिश का Alert, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, पढ़ें...
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 09:39 AM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब में मंगलवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक करीब 800 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। विभाग ने 23 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चंडीगढ़ सहित पंजाब के सभी 23 जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। लगातार हो रही बारिश से कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, भारी बारिश वाले इलाकों में प्रशासन को सतर्क रहने और जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

