Weather Update: पंजाब के कई जिलों में झमाझम बारिश से बदला मौसम, IMD ने जारी किया Yellow Alert
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 02:36 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब में सुबह हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। जालंधर, गुरदासपुर, अमृतसर समेत कई इलाकों में तेज बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश, आसमानी बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, नवांशहर, रूपनगर, होशियारपुर, मोहाली, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोगा, बरनाला और संगरूर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
अगले कुछ दिनों में कमजोर पड़ेगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि 13 जुलाई से मानसून कुछ कमजोर पड़ सकता है, जिससे राज्य में एक बार फिर उमस बढ़ने की संभावना है। फिलहाल 13, 14, 15 और 17 जुलाई के लिए किसी भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होने और मानसून ट्रफ के हिमालय की ओर खिसकने से राज्य में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं। आने वाले दिनों में अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बारिश कम होने के साथ तापमान और उमस में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

