Chandigarh के मौसम को लेकर नई Update, बारिश और तेज हवाओं को लेकर जारी हुआ Alert
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 02:50 PM (IST)
चंडीगढ़: भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे चंडीगढ़वासियों को आखिरकार मौसम ने बड़ी राहत दी है। वीरवार देर रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। शुक्रवार सुबह भी रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे पूरे शहर में ठंडक का अहसास रहा। दोपहर बाद धूप जरूर निकली, लेकिन तापमान सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। खास बात यह रही कि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस था। यानी महज 24 घंटे के भीतर तापमान में करीब 8.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली।
शनिवार तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए शनिवार तक गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 15 जून के बाद मौसम के साफ होने की संभावना व्यक्त की गई है।
नमी बढ़ी, लेकिन गर्मी का असर हुआ कम
बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ गई। शुक्रवार को अधिकतम 90 प्रतिशत और न्यूनतम 45 प्रतिशत सापेक्ष आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) दर्ज की गई। हालांकि नमी अधिक रही, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण लोगों को पहले जैसी गर्मी महसूस नहीं हुई। पिछले कई दिनों से ट्राईसिटी का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था और लोग तेज धूप व गर्म हवाओं से परेशान थे। पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया।
1 जून से अब तक 30.3 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से अब तक चंडीगढ़ में 30.3 मिमी मौसमी वर्षा दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बीच-बीच में बादल और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहने से फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

