Punjab में आज से Yellow Alert, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी, जानें मौसम का पूरा हाल...

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 10:08 AM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब में आगामी दिनों के दौरान मौसम का मिजाज लगातार बदलता रह सकता है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाएं, आंधी-तूफान, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 23 जून से कई इलाकों में मौसम सक्रिय रहेगा और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद
विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के चलते प्रदेश में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती है तो तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि बारिश से पहले हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। सोमवार को जालंधर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में करीब 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान सामान्य रहने के बावजूद अधिक नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हुई।

40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, जबकि दोपहर में उमस ने लोगों को परेशान किया। राज्य के अन्य शहरों की बात करें तो बठिंडा सोमवार को पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा होशियारपुर में 35.4 डिग्री, अमृतसर में 34.9 डिग्री और लुधियाना में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पंजाब के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति इससे भी अधिक रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News