चंडीगढ़ में 'लू' का कहर जारी, 14 जून तक बारिश और आंधी-तूफान की संभावना
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 04:34 PM (IST)
चंडीगढ़: शहर में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों में तापमान में हुई बढ़ोतरी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून तक गर्म हवाओं और लू का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियों के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। तेज धूप और लू के कारण लोगों को पूरे दिन गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
कल से बदल सकता है मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 11 से 14 जून के बीच पंजाब और चंडीगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक, आंधी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि 11 जून के बाद मौसम में बदलाव आने से गर्मी और लू के असर में कमी आने की उम्मीद है।

