पुलिस ने पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष समेत कई समर्थक लिए हिरासत में, जानें क्यों
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 05:38 PM (IST)
पायल (विनायक): मनरेगा कर्मचारियों के समर्थन में खन्ना में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा 'शुभी' को सोमवार को पायल के निकट पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके साथ मौजूद कई समर्थकों को भी हिरासत में लेकर थाना पायल पहुंचाया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। जानकारी के अनुसार, पंजाब यूथ कांग्रेस ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 20 जुलाई को खन्ना सिटी सेंटर में एकत्र होकर मनरेगा कर्मचारियों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। इसी कार्यक्रम के तहत शुभम शर्मा अपने समर्थकों के साथ खन्ना जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पायल के समीप रोककर हिरासत में ले लिया।
लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का लगाया आरोप
हिरासत में लिए जाने के बाद शुभम शर्मा ने कहा कि वे खन्ना में मनरेगा कर्मचारियों के साथ हुई कथित मारपीट एवं धक्कामुक्की के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोककर अलोकतांत्रिक ढंग से हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा, "यदि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना अपराध है तो हम यह अपराध बार-बार करेंगे। गिरफ्तारियों से आवाजें नहीं दबाई जा सकतीं। मनरेगा कर्मचारियों को न्याय मिलने तक पंजाब यूथ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।"
खन्ना में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, कई कर्मचारी भी हिरासत में
प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम को देखते हुए खन्ना में पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर नाकाबंदी कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद की कोठी का घेराव करने जा रहे मनरेगा यूनियन के 50 से अधिक नेताओं एवं कर्मचारियों को विभिन्न स्थानों से हिरासत में ले लिया। कई कर्मचारियों और मजदूरों को अलग-अलग नाकों पर रोककर विभिन्न पुलिस थानों में भेजा गया, ताकि वे प्रदर्शन स्थल तक न पहुंच सकें।
नाकाबंदी के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी पहुंचे खन्ना
पुलिस की सख्त नाकाबंदी के बावजूद कुछ मनरेगा कर्मचारी एवं यूनियन नेता वैकल्पिक मार्गों से खन्ना पहुंचने में सफल रहे। जब वे कैबिनेट मंत्री की कोठी की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें कोठी से कुछ दूरी पहले ही रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने खन्ना-अमलोह रोड पर धरना देते हुए पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है तथा जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। पूरे घटनाक्रम के दौरान शहर में भारी पुलिस बल तैनात रहा तथा आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जाती रही।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

