America में पंजाब के युवक की हार्ट अटैक से मौ/त, मां का रो-रोकर बुरा हाल
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 01:54 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन): विदेश से एक बार दुखदायी खबर सामने आई है। कस्बा पुराना शाला में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब यहां के निवासी 35 वर्षीय युवक चरणजीत सिंह उर्फ रिंकू की अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने से अचानक मृत्यु हो गई। मृतक करीब दो वर्ष पहले अपने परिवार के सुनहरे भविष्य के लिए रोजी-रोटी कमाने अमेरिका गया था।

परिवार के सदस्य कैप्टन प्यारा सिंह, सरपंच बलजीत सिंह खालसा, सरबजीत सिंह लालिया तथा मृतक की माता बचन कौर ने भारी मन से बताया कि 27 मार्च को चरणजीत सिंह को नहाते समय अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे बाथरूम के अंदर ही उसकी मृत्यु हो गई। यह दुखद समाचार मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार ने बताया कि मां की इच्छा थी कि बेटे के पार्थिव शरीर को भारत लाया जाए, लेकिन मृतक की पत्नी बलजीत कौर की इच्छा अनुसार उसका अंतिम संस्कार आज अमेरिका में ही किया जा रहा है। मां के लिए यह बहुत बड़ा दुख है कि वह अपने बेटे के अंतिम दर्शन भी नहीं कर सकी।

बताया जाता है कि जब चरणजीत सिंह एक वर्ष का था, तभी उसके पिता का देहांत हो गया था। कठिन परिस्थितियों और गरीबी के बावजूद उसकी मां ने उसे पाल-पोसकर बड़ा किया। करीब 2 वर्ष पहले वह परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अमेरिका गया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मृतक की आत्मा की शांति के लिए श्री अखंड पाठ साहिब का भोग और अंतिम अरदास 5 अप्रैल को गुरुद्वारा सिंह सभा, पुराना शाला में होगा। इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने के लिए सरपंच बलजीत सिंह खालसा, कैप्टन प्यारा सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान बाबा मुख्तियार सिंह, शिरोमणि अकाली दल के सर्कल प्रधान सरबजीत सिंह लालिया, दिलबाग सिंह, महिंदर सिंह, मलकीत सिंह सहित अन्य लोग पहुंचे। उन्होंने देश-विदेश में बसे लोगों से अपील की कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवार का हौसला बढ़ाया जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

