जर्मनी में पंजाबी युवक की बेरहमी से हत्या, कपूरथला के युवक को तेजधार हथियारों से काट डाला
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 07:30 PM (IST)
कपूरथला/जर्मनी: जर्मनी में पंजाब के कपूरथला जिले के एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजविंदर सिंह (30) निवासी गांव रामगढ़, जिला कपूरथला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजविंदर सिंह एक मंदिर में चल रहे विवाद को सुलझाने और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के लिए गया था, जहां उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। जिस दौरान वह काफी घायल हो गया और बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल हुए राजविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद शोक और रोष का माहौल है। मामले में आरोप है कि हरियाणा के चार युवकों ने मिलकर राजविंदर सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किया। घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच जर्मन पुलिस द्वारा की जा रही है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
राजविंदर सिंह की मौत की खबर मिलते ही कपूरथला स्थित उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विदेश में बसे पंजाबी समुदाय ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।

