पंजाब कांग्रेस के अंदरूनी कलह पर Rahul Gandhi की सीधी चेतावनी, मंच से कह दी बड़ी बात

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 03:23 PM (IST)

बरनाला: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अपने पंजाब दौरे के दौरान राज्य की पूरी लीडरशिप को सीधी चेतावनी दे दी। बरनाला में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सभी नेताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की और गड़बड़ी करने वालों को सख्त चेतावनी भी दी।

राहुल गांधी ने कहा कि काम टीम वर्क से होता है, कोई अकेला खिलाड़ी खेल नहीं जिता सकता। इसलिए सभी को टीम प्लेयर बनना होगा, नहीं तो रिजर्व में बैठा दिया जाएगा, चाहे कोई कितना भी बड़ा नेता क्यों न हो। उन्होंने कहा कि नेता चाहे कितना भी बड़ा हो, पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही उसकी असली ताकत हैं और पंजाब में जो भी होगा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी से ही होगा। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब हमारी ताकत है। उन्हें पंजाब आकर बहुत अच्छा लगता है, क्योंकि यहां उन्हें हिंदुस्तान की शक्ति और नींव दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि वे पंजाब और यहां की जनता से बहुत प्यार करते हैं। आप हमारे रक्षक हैं। किसान और मजदूर देश की नींव होते हैं, उनके बिना देश मजबूत नहीं हो सकता। यदि देश में हरित क्रांति आई थी तो वह पंजाब के किसानों और मजदूरों की मेहनत की बदौलत आई थी।

राहुल गांधी ने अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के तहत अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार खोले जाने का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे पंजाब, हिमाचल, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों के किसान बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News