लुधियाना में स्वास्थ्य विभाग का छापा, नामी ब्रांड्स के सैंपल फेल, लाखों में हुए जुर्माने
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 08:43 AM (IST)
लुधियाना(सहगल): जिला स्वास्थ्य विभाग की फूड विंग द्वारा लिए गए खाद्य सैंपलों की जांच में कई उत्पाद फेल पाए गए हैं। इसके बाद अतिरिक्त जिलाधीश (ADC) की अदालत ने अलग-अलग मामलों में लाखों रुपये के जुर्माने लगाए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, किट्टी इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड के “पफ्फी हार्ट बिस्कुट” और “सूजी रस्क” के सैंपल मिस ब्रांडेड और सब-स्टैंडर्ड पाए गए। इस पर क्रमश: 50,000 और 1 लाख का जुर्माना किया गया। इसी तरह रिलायंस रिटेल, मुंडिया कलां से लिए गए “आशीर्वाद आयोडाइज्ड नमक” का सैंपल भी फेल मिला, जिस पर कंपनी और रिटेलर दोनों को 50,000-50,000 रुपए का जुर्माना किया गया। पवेलियन मॉल स्थित पिज़्ज़ा हट के “चिकन मलाई टिक्का” का सैंपल बिना लेबलिंग के मिला, जिसे मिस ब्रांडेड मानते हुए 20,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा देसी घी, दूध, पनीर, केक, दाल और अन्य खाद्य पदार्थों के कई सैंपल भी फेल पाए गए। कुछ मामलों में फैटी एसिड कम, तो कुछ में केमिकल की मात्रा अधिक पाई गई। एक्सपायर दालें बेचने पर एक स्टोर को 40,000 रुपए का जुर्माना किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि गुड़ और शक्कर के कुछ सैंपलों में प्रतिबंधित सिंथेटिक रंग मिलाए गए थे, जिस पर संबंधित कारोबारियों को प्रति सैंपल 1-1 लाख रुपए का जुर्माना किया गया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला ने कहा कि खाद्य पदार्थों की जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावट या नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

