मोगा बदलाव रैली: आम आदमी पार्टी पर बरसे रवनीत बिट्टू, कहा- लोग चाहते हैं डबल इंजन वाली सरकार
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 02:41 PM (IST)
मोगा : मोगा में बदलाव रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने कहा कि इतनी भीड़ देखकर आज ऐसा लग रहा है कि पूरा पंजाब ही हमारा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां जो लगातार विधानसभा से लेकर मीडिया तक में बातें कर रही थी उन्हें आज जवाब मिल गया होगा। उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि आज मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस पार्टी को पता चल गया होगा कि पंजाब के लोग किसके साथ हैं। आज पंजाब के लोग डबल इंजन वाली सरकार चाहते हैं।
रवनीत बिट्टू ने कहा कि भाजपा की सरकार जिस राज्य में बनी है चाहे वह हरियाणा, गुजरात, राजस्थान या ओडिशा ही क्यों न हो वहां दोबारा भी भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल कहते थे कि हमें पता है कि बदलाव क्या होता है। आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब की महिलाओं को एक-एक हजार रुपये देने की घोषणा को लेकर रवनीत बिट्टू ने भगवंत मान पर निशाना साधा और कहा कि जो कर्मचारियों को डीए की किस्त नहीं दे सका, वह पंजाब के लोगों को एक-एक हजार रुपये क्या देगा। रवनीत बिट्टू ने कहा कि हमारे जितने भी कर्मचारी रिटायर हुए हैं, उनमें से DA न मिलने के कारण बिना इलाज के 15 हजार कर्मचारी मरे हैं। रवनीत बिट्टू ने कहा कि अब पंजाब के लोगों को बदलाव लाना होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

