हैंड ग्रेनेड मामले में गिरफ्तार 6 आरोपियों का फिर से बढ़ा रिमांड, बड़े खुलासे होने की संभावना
punjabkesari.in Sunday, Nov 02, 2025 - 09:57 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): पुलिस द्वारा 6 दिन पहले महानगर के भीड़-भाड़ वाले इलाके में हैंड ग्रेनेड से बड़ी वारदात की योजना बनाने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था और थाना जोधेवाल की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
उक्त मामले में पुलिस द्वारा सबसे पहले हैड ग्रेनेड के साथ कुलदीप सिंह व फिर मुक्तसर साहिब जेल में बंद कैदी परविंदर सिंह और रमणीक सिंह तथा फिर शेखर सिंह और अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा उक्त पांचों आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने कहा कि विदेश में बैठे गैंगस्टर अजय मलेशिया ने इस घटना को अंजाम देने के लिए कहा था। फिर रमणीक सिंह और परविंदर सिंह ने बताया कि उनको इस हैंड ग्रेनेड की वारदात को अंजाम देने के लिए राजस्थान की जॉेल में नशा तस्करी के मामले में बंद अजय मलेशिया के भाई विजय ने उनको हैंड ग्रेनेड की वारदात करने के लिए कहा था। उसके बाद उन्होंने आगे अपने 3 साथियों को इस वारदात को करने के लिए कहा गया। फिर कुलदीप सिंह और शेखर सिंह लुधियाना में हैंड ग्रेनेड लेकर पहुंचे परंतु उन्हें पुलिस ने नाकाबंदी दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश करके 6 दिन का रिमांड हासिल किया था जो आज खत्म हो गया था और आज पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ करने के लिए फिर से अदालत में पेश किया गया जहां अदालत ने आरोपियों का पुलिस को 2 दिन का और रिमांड दिया है।

