पंजाब कैबिनेट में आखिर कब होगा फेरबदल, स्थित स्पष्ट नहीं

punjabkesari.in Sunday, Aug 22, 2021 - 10:41 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब कैबिनेट में आखिर फेरबदल कब होगा इसे लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं हो सकी है। पिछले एक महीने से ही कैबिनेट में फेरबदल के कयास लगते रहे हैं परन्तु सब बातें अभी तक झूठी साबित हुई हैं। 

कांग्रेस हलकों में माना जा रहा है कि कैबिनेट में फेरबदल को लेकर चाहे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को हरी झंडी दे दी थी परंतु इस मामले में कैप्टन अमरेन्द्र सिंह बहुत फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। मुख्यमंत्री के नजदीकी सूत्रों का मानना है कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने अभी तक कैबिनेट फेरबदल को लेकर अपने दिल की बात किसी को भी नहीं बताई है। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह कब कैबिनेट में फेरबदल करेंगे इसके बारे में किसी को कुछ भी मालूम नहीं है।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह फिलहाल प्रशासनिक व पुलिस तंत्र में फेरबदल को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं क्योंकि विधानसभा चुनावों के समय चुनाव आयोग द्वारा प्रशासन व पुलिस तंत्र में फेरबदल कर दिया जाता है इसलिए कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा उन अधिकारियों को तबदील किया जा रहा है जो या तो एक ही स्थान पर 3 वर्षों से तैनात हैं या फिर जो अधिकारी अपने गृह जिलों में लगे हुए हैं।मुख्यमंत्री के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि प्रशासन व पुलिस तंत्र में फेरबदल का कार्य पूरा होने के बाद ही कैबिनेट में इसे लेकर कैप्टन अमरेन्द्र सिंह कोई अंतिम फैसला लेंगे। कैबिनेट में फेरबदल का मामला अत्यंत संवेदनशील है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा अत्यंत सतर्कता बरती जा रही है।

कैबिनेट को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए कैबिनेट में फेरबदल को कांग्रेस अनिवार्य मान कर चल रही है। अब देखना यह होगा कि हरीश रावत के चंडीगढ़ दौरे के दौरान उनकी मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में इस विषय पर क्या अंतिम फैसला लिया जाता है। पंजाब कैबिनेट में एक पद खाली भी पड़ा है। मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट में पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष राणा के.पी. सिंह को भी शामिल करने के चाहवान हैं। उस स्थिति में विधानसभा अध्यक्ष के पद पर एक अन्य विधायक को बिठाना होगा। अगले सप्ताह तक स्थिति पूरी तरह से साफ होने के आसार हैं।

पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Recommended News

Related News