घर से दिहाड़ी लगाने निकले दो दोस्तों की लूना को टैक्सी ने मारी टक्कर, 1 की मौत

punjabkesari.in Thursday, Jan 10, 2019 - 11:18 PM (IST)

जालंधर (वरुण): अर्बन स्टेट फेस-2 में लाइटों वाले चौंक के पास तेज रफ्तार कार ने दिहाड़ी लगाने जा रहे दो दोस्तों की लूना को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लूना के पीछे बैठा व्यकित हवा में उछल कर कार से फ्रंट शीशे पर आ गिरा और सिर शीशे पर लगने से कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक कार छोड़ कर फरार हो गया था। 

थाना सात के प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि साबोवाल गांव के रहने वाले कपूर सिंह गांव के ही सतनाम सिंह की लूना के पीछे बैठ कर काम पर जा रहे थे। सतनाम व कपूर सिंह दोनों दिहाड़ी लगाते हैं। जैसे ही वह अर्बन स्टेट फेस-2 की ट्रैफिक लाइटें क्रास करके आगे पहुंचे तो तेजरफतार शैवलेट कार ने उनकी लूना को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पीछे बैठे कपूर सिंह हवा में उछल कर कार के फ्रंट शीशे पर जा गिरे और सिर पर शीशा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर शीशे पर लगने से कार का फ्रंट शीशा भी टूट गया। 

PunjabKesari

हादसे में लूना चला रहे सतनाम सिंह को भी काफी चोटें आई। जिस समय हादसा हुआ उसके कुछ सैकेंड बाद ही कपूर सिंह का बेटा कमलजीत भी पहुंच गया। कमलजीत भी काम के लिए निकला था। कमलजीत ने राहगीरों की मदद से अपने पिता व सतनाम सिंह को नजदीकी अस्पताल दाखिल करवाया जबकि कार चालक मौके का फायदा उठा कर गाड़ी छोड़ कर भाग गया। कुछ ही समय बाद कपूर सिंह को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

हादसे की सूचना मिलते ही थाना सात की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हादसा करने वाली कार को कबजे में ले लिया। इंस्पैक्टर गुरप्रीत सिंह का कहना है कि कपूर सिंह के बेटे द्वारा दिए बयानों पर अज्ञात कार चालक खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रखवा दिया है। उन्होंने कहा कि कार के नंबर से जल्द ही कार चालक का पता लगवा लिया जाएगा। फिलहाल सतनाम सिंह की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News