Amritsar : लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 1 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

punjabkesari.in Friday, Apr 19, 2024 - 11:47 PM (IST)

तरनतारन (रमन): लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के एक आरोपी को थाना चोहला साहिब की पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार है। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से एक कार बरामद की है, जो घटना के लिए इस्तेमाल की गई थी।

जानकारी के अनुसार अमनदीप सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी भोइयां नामक युवक प्राइवेट कंपनी में काम करता आ रहा था। जो पार्सल डिलीवर करने का काम करता था। रोजाना की तरह अमनदीप सिंह पार्सल डिलीवर करने के लिए निकला। अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर अमनदीप सिंह पक्खोपुर की तरफ जा रहा था। रास्ते में आई.-20 कार सवार बलजीत सिंह उर्फ बीता पुत्र सुखदेव सिंह व करनबीर सिंह उर्फ मोटा पुत्र गुरदर्शन सिंह निवासी पक्खोपुर ने अमनदीप सिंह के मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

इसके बाद उक्त दोनों व्यक्तियों ने अमनदीप सिंह का घेराव कर लिया। बलजीत सिंह व करनबीर सिंह नामक लुटेरे अमनदीप सिंह से 5 पार्सल व 9,430 रुपए छीन कर मौके से फरार हो गए। इस घटना की सूचना पीड़ित अमनदीप सिंह ने थाना चोहला साहिब की पुलिस को दी। पुलिस ने बलजीत सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली है, जबकि दूसरे आरोपी करनबीर सिंह की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि चोरी के मामले में थाना हरीके की पुलिस ने बिक्रमजीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी वडाला व सुखविंदर सिंह पुत्र मिलखा सिंह निवासी कालूवाला को नामजद करते हुए 1 ट्रक बरामद किया है। उक्त दोनों आरोपी अपने ट्रक में यू.पी. से चावल लोड कर रास्ते में लोगों को सस्ते भाव पर बेचते थे। फिलहाल यह दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इसके अलावा थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने अमृत सिंह पुत्र गुलजार सिंह व बलजीत सिंह पुत्र गुरमेज सिंह निवासी भैल ढाए वाला को गिरफ्तार करते हुए 1 बिना नंबरी मोटरसाइकिल बरामद किया है। यह आरोपी वाहन चोरी कर बेचने का धंधा करते थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Recommended News

Related News