लुधियाना में दिनदहाड़े स्नैचिंग: एक्टिवा सवार महिला को घेरकर बदमाश ने झपटी सोने की चेन
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 08:55 AM (IST)
लुधियाना(राज ): शहर में चेन स्नैचिंग की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं और बेखौफ लुटेरे पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा सनसनीखेज मामला थाना सदर के अंतर्गत आते धांदरा रोड इलाके से सामने आया है, जहां एक शातिर झपटमार ने दिनदहाड़े एक महिला को अपना शिकार बनाया। लुटेरे ने फिल्मी अंदाज में महिला की एक्टिवा के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर वारदात को अंजाम दिया और सोने की चेन लूटकर रफूचक्कर हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, धांदरा रोड स्थित पार्क जीके विहार की रहने वाली बिंदू अपनी एक्टिवा पर सवार होकर किसी निजी काम के सिलसिले में दुगरी की तरफ जा रही थीं। जैसे ही वह जैन मंदिर चौक के पास पहुंचीं, तो पीछे से आए एक अज्ञात एक्टिवा सवार युवक ने अचानक उनकी एक्टिवा के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, लुटेरे ने बड़ी बेरहमी से उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़कर बिजली की फुर्ती से मौके से फरार हो गया।
अचानक हुए इस हमले से पीड़ित महिला बुरी तरह सहम गई और शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी गलियों के रास्ते गायब हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके।

