शहर में बेखौफ लुटेरे: महिला का पीछा कर झपटी सोने की चेन, CCTV में कैद घटना
punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 11:29 AM (IST)
लुधियाना: कोट मंगल सिंह के इलाके रणजीत नगर में एक्टिवा पर जा रही 2 महिलाओं से एक लुटेरे ने सोने की चेन छीन ली। दिन-दिहाड़े हुई लूट की वारदात के चलते इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि लूट का शिकार हुई महिला ने लुटेरे का कुछ दूरी तक पीछा भी किया लेकिन वह भागने में सफल हो गया। लूट की वारदात सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई।
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि लाल रंग की टी-शर्ट, टोपी व चश्मा पहले एक्टिवा सवार लुटेरा पीछा करते हुए मौका देखकर वारदात को अंजाम देता है। लूट की वारदात का पता चलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई शुरू कर दी। लूट का शिकार हुई महिला गगनदीप कौर ने बताया कि उसका पति प्राइवेट नौकरी करता है। करीब 11 बजे वह अपनी भांजी के साथ अपनी बेटी को स्कूल से लेने जा रही थी।
जैसे ही वह अपने घर से निकली तो एक्टिवा पर सवार काफी समय तक उनके पीछे आता रहा। जैसे ही वह सुप्रीम बिस्कुट फैक्टरी के पास पहुंची तो वहां पर सुनसान जगह देख कर लुटेरे ने पीछे से आकर उसके गले में पहनी हुई करीब 3 तोले की सोने की चेन छीन ली। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने बताया कि मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है और बरामद की गई फुटेज के आधार पर लुटेरे की तलाश की जा रही है ।

