Ludhiana में शातिर चोरों का कांड, क्रेन से उठाकर ले गए 8 लाख का भारी-भरकम जनरेटर

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 08:56 AM (IST)

लुधियाना(राज) : महानगर में बेखौफ चोरों के बुलंद हौसलों का ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। शातिर चोर गिरोह किसी आम जगह नहीं, बल्कि शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर के पड़ोस में आर.टी.ए. ऑफिस के बाहर से करीब 8 लाख रुपये की कीमत का बड़ा जनरेटर सेट चुराकर ले गया। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह यह जनरेटर रखा हुआ था, वहां चौबीसों घंटे पुलिस अधिकारियों की आवाजाही रहती है और पूरा इलाका सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। इसके बावजूद चोर पुलिस की नाक के नीचे से इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चोरी हुआ जनरेटर सेट आरटीए ऑफिस और डीसी ऑफिस को पावर बैकअप/बिजली सप्लाई देने के लिए आरटीए दफ्तर के बाहर रखा गया था। जिस जगह यह जनरेटर पड़ा था, उसकी दीवार बिल्कुल पुलिस कमिश्नर दफ्तर से सटती है। जनरेटर के ठीक सामने सिटिंग विंडो और एसीपी आम्र्स लाइसेंस का दफ्तर है। इसके अलावा आसपास सीआईए स्टाफ समेत तमाम पुलिस उच्चाधिकारियों के दफ्तर मौजूद हैं। इतनी कड़ी सुरक्षा और कैमरों की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने बड़ी चालाकी से इस चोरी को अंजाम दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चोरी हुआ जनरेटर बेहद वजनी था, जिसे सामान्य रूप से उठा पाना असंभव था। इसलिए चोर पूरी तैयारी के साथ जेसीबी या बड़ी क्रेन लेकर आए थे। दरअसल, इन दिनों पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर में फरियादियों के बैठने के लिए एक शेड/शेल्टर बनाने का काम चल रहा है, जिसके लिए रोजाना कारीगर और गाडिय़ां आती-जाती रहती हैं। शातिर चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया और क्रेन को सीधे सीपी ऑफिस के अंदर तक ले आए। बताया जा रहा है कि चोरों की संख्या 4 से 5 थी, जिन्होंने जनरेटर को क्रेन पर लादा और फरार हो गए।

थाना डिवीजन नंबर-5 की बड़ी लापरवाही, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस :
हाई-सिक्योरिटी जोन से हुई इस दुस्साहसिक चोरी के बाद ट्रांसपोर्ट विभाग ने थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस कमिश्नर दफ्तर के अंदर से इतना भारी-भरकम जनरेटर चोरी होना थाना डिवीजन नंबर-5 पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है। फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि क्रेन के नंबर और चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News