Punjab का दौरा करेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत, 2 शहरों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 06:02 PM (IST)
पंजाब डैस्क : पंजाब में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत 25 फरवरी से दो दिवसीय दौरे पर राज्य में पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि अपने इस दौरे के दौरान वह पठानकोट व लुधियाना में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भागवत का यह दौरा संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर चल रहे राष्ट्रव्यापी संपर्क अभियान के तहत आयोजित किया गया है।
दौरे के पहले दिन डॉ. भागवत पठानकोट में रहेंगे। सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक वे पूर्व सैनिक अधिकारियों की गोष्ठी को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 4:00 बजे से 5:30 बजे तक जिला स्तर पर युवा स्वयंसेवक एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें वे युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश देंगे।
दौरे के दूसरे दिन 26 फरवरी को डॉ. भागवत लुधियाना पहुंचेंगे। यहां दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, उद्योग, समाज सेवा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे। संघ प्रमुख के इस प्रवास को लेकर स्वयंसेवकों में उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां जोरों पर हैं।

