गुरदासपुर में शहर का कूड़ा गांवों में फेंकने का विरोध, ग्रामीणों ने रोकीं गाड़ियां

punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 11:26 AM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): लंबे समय से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद शहर में जमा कूड़े को उठाने का काम शुरू हो गया है। इसी बीच शहर का कूड़ा सीमावर्ती गांवों में ले जाकर फेंकने को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। जैसे ही कूड़े से भरे वाहन सीमावर्ती गांवों में पहुंचे, ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और कई गाड़ियों को रास्ते में ही रोक दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि शहरों में जमा कूड़े के बड़े-बड़े ढेर ट्रकों में भरकर गांवों के आसपास लाकर डंप किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि इसी तरह गांवों के नजदीक कूड़ा फेंका गया, तो पूरे इलाके का वातावरण प्रदूषित होगा और लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कूड़े के कारण बदबू, प्रदूषण और कई तरह की गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं।

ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि वे शहर का कूड़ा गांवों में लाकर फेंकने की इस व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कूड़ा निस्तारण के लिए स्थायी और वैज्ञानिक समाधान किया जाए तथा गांवों के लोगों की सेहत से किसी भी तरह का खिलवाड़ न हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक इस समस्या का उचित समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे कूड़े से भरे वाहनों का विरोध जारी रखेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News