बरनाला के 4 स्कूलों को बम विस्फोट की धमकियां, बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में दहशत
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 03:48 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): बरनाला शहर और आसपास के इलाकों के चार प्रमुख स्कूलों को बम विस्फोट से उड़ाने तथा बच्चों को नुकसान पहुंचाने वाले धमकी भरे ई-मेल मिलने से बुधवार को शहर में हड़कंप मच गया। धमकियों की खबर फैलते ही अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता और दहशत का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल द्वारा एहतियात के तौर पर बच्चों की निर्धारित समय से पहले ही छुट्टी कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धमकी भरे ई-मेल सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल रायकोट रोड, बी.वी.एम. इंटरनेशनल स्कूल खुड्डी रोड, मदर टीचर स्कूल बरनाला और मदर टीचर इंटरनेशनल स्कूल हंडियाया को भेजे गए थे। इन ई-मेलों में स्कूलों को बम विस्फोट का निशाना बनाने और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। ई-मेल संबंधी जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना सिटी-1 बरनाला के एसएचओ इंस्पेक्टर लखबीर सिंह पुलिस पार्टी सहित सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से ई-मेल के संबंध में पूरी जानकारी हासिल की और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। इस घटना के कारण स्कूल के बाहर भी अभिभावकों की भारी भीड़ और चिंता देखने को मिली। अभिभावक लगातार अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर फिक्रमंद दिखे।
उल्लेखनीय है कि बरनाला के स्कूलों को इससे पहले भी कई बार धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने से स्कूलों की सुरक्षा और बच्चों की हिफाजत को लेकर अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ रही है। शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा अभिभावकों और स्कूल प्रबंधकों के लिए सबसे अहम विषय है। ऐसी धमकियों के कारण स्कूलों के दैनिक कामकाज और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में जिला पुलिस प्रमुख मोहम्मद सरफराज आलम ने कहा कि कई बार शरारती तत्वों द्वारा ऐसे ई-मेल भेजकर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास किया जाता है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और धमकी भरे ई-मेल भेजने वालों की पहचान के लिए हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में शामिल दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। bइस घटना ने एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने की आवश्यकता उजागर की है। अभिभावकों की उम्मीद है कि पुलिस और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच करके धमकी के स्रोत का पता लगाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएगा। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और धमकी की सच्चाई के संबंध में आधिकारिक निष्कर्ष सामने आने बाकी हैं।

