SGPC पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप, पाठी सिंहों ने 16 तारीख से मरण व्रत का किया ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 08:46 AM (IST)

अमृतसर(रमन): शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। पाठी सिंहों के प्रधान गुरमुख सिंह अमीशाह और अन्य साथियों ने कमेटी के प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

निकाले गए सिंहों को तुरंत किया जाए बहाल
एक अहम बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधान अमीशाह ने चेतावनी दी कि यदि अखंड पाठ करने वाले पाठी सिंहों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे 16 तारीख को SGPC के मुख्य कार्यालय तेजा सिंह समुंदरी हॉल में भूख हड़ताल (मरण व्रत) पर बैठेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग पत्र देने के बावजूद कमेटी उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री दरबार साहिब के कमरा नंबर 26 और गुरुद्वारा शहीदगंज बाबा दीप सिंह जी में हुई घटनाओं में केवल पाठी सिंहों को ही दोषी ठहराकर नौकरी से निकाल दिया गया, जबकि संबंधित अधिकारियों और इंचार्ज पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि निकाले गए सिंहों को तुरंत बहाल किया जाए।

अधिकारियों के नाम करेंगे सार्वजनिक
इस दौरान पाठी प्रगट सिंह ने भर्ती प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्यूटी जारी रखने के लिए उनसे कथित तौर पर पैसों की मांग की गई। उन्होंने दावा किया कि करीब डेढ़ साल सेवा करने के बावजूद उन्हें टेस्ट में फेल कर दिया गया और पैसे देने के बाद भी नौकरी से हटा दिया गया।  पाठी सिंहों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे उन अधिकारियों के नाम सार्वजनिक करेंगे जिन्होंने भर्ती के नाम पर रिश्वत ली है। इस पूरे मामले ने SGPC के प्रबंधन तंत्र में हलचल पैदा कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News