Punjab: थाना जंडियाला गुरु का SHO सस्पैंड, जानें क्यों हुआ Action
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 11:34 AM (IST)
अमृतसर: डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन के पंजाब प्रधान तेजिन्द्र सिंह नंगल के साथ कथित पुलिस अत्याचार के विरोध में चल रही 3 दिन की हड़ताल अब खत्म हो गई है।
डी.सी. और एस.एस.पी. देहाती की बैठक के बाद थाना जंडियाला गुरु के एस.एच.ओ. नरेश कुमार और एक सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। कार्रवाई के बाद यूनियन ने हड़ताल स्थगित कर दी है और दफ्तरों में काम फिर से शुरू हो गया है।
क्या था मामला
बीते दिनों रात के समय में जंडियाला गुरु पुलिस की तरफ से डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन के पंजाब प्रधान तेजिन्द्र सिंह नंगल जोकि अमृतसर के जंडियाला गुरु स्थित गांव नंगल के रहने वाले हैं, को रात 12 बजे के करीब एस.एच.ओ. जंडियाला गुरु की तरफ से गिरफ्तार कर लिया गया। नंगल के साथ पुलिस ने जहां गालीगलौच किया वहीं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग भी किया, दमाला उतारा गया व कछहरे का नाला तक निकाल लिया गया। इसके बाद दूसरे दिन पूरे पंजाब के कर्मचारियों की तरफ से नैशनल हाईवे को 3 घंटे तक जाम किया गया और उच्चाधिकारियों के ऐलान के बाद तेजिन्दर सिंह नंगल को रिहा कर दिया गया।
इसके बाद जिला प्रबंधकीय दफ्तर अमृतसर में अलग-अलग कर्मचारी संगठनों की तरफ से बैठक की गई जिसमें पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विस यूनियन, डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन, रैवेन्यू पटवार यूनियन व अन्य कर्मचारी संगठनों के नेताओं की तरफ से बैठक की गई और तेजिन्द्र सिंह नंगल को इंसाफ दिलाने के लिए विचार-विमर्श किया गया और पूरे पंजाब के डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन की तरफ से 3 दिनों तक कलम छोड़ हड़ताल का ऐलान किया गया। वहीं दूसरी तरफ से प्रांतीय नेता नरिन्द्र सिंह चीमा, करविन्दर सिंह चीमा व असुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जब तक तेजिन्दर सिंह नंगल को इन्साफ नहीं मिलता तब तक संघर्ष को जारी रखा जाएगा।
जत्थेतार श्री अकाल तख्त साहिब को भी की जाएगी शिकायत
डीसी दफ्तर यूनियन के पंजाब प्रधान तेजिन्दर सिंह नंगल ने बताया कि जिस प्रकार से पुलिस अधिकारी ने उनका दाड़ा नोचने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने व दमाला उतारने का काम किया उसके खिलाफ पुलिस व प्रशासनिक उच्चाधिकारियों के साथ साथ जत्थेदार श्री अकाला तख्त साहिब जी को भी शिकायत की जाएगी और इंसाफ की मांग की जाएगी। नंगल ने बताया कि जब तक जत्थेदार साहिब उनके सिर पर दमाला नहीं पहनाएंगे वह दमाला धारण नहीं करेंगे उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का रवैया पुलिस ने उनके साथ अपनाया है ऐसा रवैया तो किसी अपराधी के साथ भी नहीं अपनाया जाता है।

