Punjab : धमकी किसी और को फायरिंग कहीं और... ताबड़तोड़ गोलियों से दहल गया इलाका

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 02:51 PM (IST)

दीनानगर (हरजिंदर सिंह गोराया) :  बटाला की न्यू टॉप सिटी कॉलोनी में देर रात एक घर पर अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। हालांकि जिस परिवार पर गोलियां चलाई गईं, उन्हें कोई धमकी नहीं मिली थी जबकि, बगल के घर में रहने वाले वरिंदर सिंह को काफी समय से धमकी भरे कॉल और वॉइस मैसेज आ रहे थे।

बटाला में बिजनेसमैन के घरों पर फायरिंग की घटनाएं थम नहीं रही हैं। एक बार फिर, बीती रात करीब 2 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक बिजनेसमैन वरिंदर सिंह के पड़ोसी के घर के बाहर आए और गेट पर छह गोलियां चलाईं और फरार हो गए। वरिंदर सिंह ने बताया कि गैंगस्टर अमन अंडा पिछले कई दिनों से उन्हें धमका रहा था और फोन पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांग रहा था। गोलियां चलने के बाद भी अमन अंडा ने मैसेज भेजकर कहा, "गिफ्ट मिला है।" वरिंदर सिंह पर इससे पहले भी गोली चल चुकी है। उन्होंने दो दिन पहले पुलिस में केस दर्ज कराया था।

गुरइकबाल सिंह ने बताया कि रात को उनके घर पर गोलियां चलाई गईं। हालांकि, उन्हें कोई धमकी नहीं मिली है और न ही किसी से कोई दुश्मनी है। उनका मानना है कि यह घटना उनके पड़ोसी वरिंदर सिंह को मिल रही धमकियों से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में छोटे बच्चे अक्सर गलियों में खेलते हैं, जिससे ऐसी घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि कॉलोनी की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। दूसरी तरफ, चौकी अर्बन एस्टेट इंचार्ज विक्रम ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News