दुकान के बाहर हवाई फायर कर फरार हुए 2 नकाबपोश, बाजार में मची दहशत

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:11 AM (IST)

लोहियां खास (सद्दी): शहर के सबसे व्यस्त शहीद भगत सिंह चौक में गत शाम करीब 6.40 बजे उस समय दहशत फैल गई, जब एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवकों ने रैडीमेड गारमैंट्स स्टोर के बाहर खुलेआम हवाई फायर कर फरार हो गए।

पीड़ित दुकानदार सैम शर्मा के अनुसार सी.सी.टी.वी. फुटेज में मुंह बांधकर पल्सर बाइक पर आए 2 युवक पहले दुकान के बाहर चक्कर काटते दिखाई दिए। इसके बाद सीनियर सैकेंडरी स्कूल की ओर से मुड़ते हुए उन्होंने दुकान के सामने हवा में गोली चला दी और शहीद ऊधम सिंह चौक की तरफ भाग निकले। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।

सूत्रों के मुताबिक बीते जून महीने में एक गैंगस्टर द्वारा उक्त दुकानदार से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी, जिसे दुकानदार ने देने से इंकार कर दिया था। प्राथमिक दृष्टि से यह कार्रवाई सिर्फ दहशत पैदा करने और डराने के मकसद से की गई प्रतीत होती है।

थाना प्रभारी सुखजिंदर सिंह खैहरा ने बताया कि सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की तफ्तीश गंभीरता से जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस हर कारोबारी की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News