पिता की डांट से नाराज बेटे ने नहर में लगाई छलांग, बचाने गया पिता भी बहा
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 11:47 AM (IST)
श्री मुक्तसर साहिब (तनेजा, खुराना): स्थानीय सरहिंद फीडर नहर में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां घरेलू विवाद के बाद पिता-पुत्र दोनों नहर के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। लापता पिता-पुत्र की पहचान दशमेश नगर निवासी मक्खण सिंह और उनके 25 वर्षीय बेटे बग्गा सिंह के रूप में हुई है, जो सब्जी मंडी में फल-सब्जी की रेहड़ी लगाते थे।
पारिवारिक परिचितों के अनुसार, एक दिन पहले खरीदी गई फल-सब्जी खराब हो जाने के कारण दोनों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर पिता मक्खण सिंह ने बेटे बग्गा सिंह को डांट दिया था। डांट से नाराज होकर बग्गा सिंह ने सीधे सरहिंद फीडर नहर पर जाकर छलांग लगा दी। बेटे को डूबता देख पिता भी उसे बचाने के लिए बिना सोचे-समझे नहर में कूद पड़े, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बरीवाला की पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है; बग्गा सिंह शादीशुदा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के ढीले रवैये पर रोष जताते हुए कहा कि घटना के कई घंटों बाद भी रैस्क्यू टीमें मौके पर नहीं पहुंची थीं। लोगों ने मांग की है कि नहर किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

