Punjab से जम्मू-कश्मीर तस्करी, बेरहमी से बंधी गायों से भरा ट्रक जब्त... मामला दर्ज

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 06:02 PM (IST)

गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): पंजाब से तस्करी करके जम्मू कश्मीर ले जा रही गायों से भरा ट्रक काबू करके दीनानगर पुलिस ने 2 व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। डी.एस.पी दीनानगर राजिंदर मन्हास ने जानकारी देते हुए बताया है कि नवीन ग्रोवर पुत्र विजय कुमार निवासी सुखिया बाग होशियारपुर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह गऊ रक्षा दल पंजाब का प्रधान है। उन्हें सूचना मिली थी कि गुरदासपुर साइड से जम्मू को गायों की तस्करी चोरी छिपे ट्रकों द्वारा की जा रही है।

PunjabKesari

आज वह अपने कुछ साथियों के साथ गुरदासपुर बाईपास पर घूम रहे थे तो अड्डा बरियार बाईपास पहुंचे तो उन्हें किसी ने सूचना दी की ट्रक नंबर (जे.के 18 ए 2787) जिसको एक क्लीन शेव युवक चला रहा है तथा उसके साथ एक अन्य युवक बैठा हुआ है। इस ट्रक में ऊपर पानी वाली टंकियों को रख कर नीचे जंगला बना कर उसमें गायों तथा बैलों को उनकी टांगों को बुरी तरह से रस्सियों से बांध कर पुराना शाला से जम्मू कश्मीर की तरफ ले जाया जा रहा है। उक्त सूचना के पश्चात वह अड्डा बरियार में ट्रक की प्रतीक्षा करने लगे तथा कुछ देर बाद जब उक्त ट्रक आया तो उसे रोकने का प्रयास किया गया। परंतु ड्राइवर ने ट्रक दीनानगर कस्बा की तरफ भगाना शुरू कर दिया। उन्होंने उक्त ट्रक का पीछा किया तथा ट्रक ड्राइवर ने एक आई.टी.आई के सामने ट्रक खड़ा कर दिया।

PunjabKesari

इसके बाद ट्रक चालक तथा उसका साथी दोनों ट्रक से उतर कर भागने लगे, लेकिन सड़क क्रॉस करते समय दूसरी साइड जाने लगे तो वहां से गुजरते किसी वाहन से टकरा गए और घायल हो गए। मौके पर दोनों को काबू कर कर लिया। पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम रजमान खान पुत्र रवि अहमद निवासी गांव जडियाल थाना घरोटा जिला जम्मू जबकि दूसरे व्यक्ति ने भी अपना नाम सबीर अहमद पुत्र आशिक अली निवासी गांव जडियाल थाना जिला जम्मू बताया। दीनानगर थाना की पुलिस पार्टी मौका पर पहुंची तथा उक्त ट्रक के ऊपर टंकियां को हटा कर देखा तो ट्रक में एक जंगला बनाया हुआ था, जिसमें 13 गायों तथा 2 बैल जिनको उनकी नासिका और टांगों को रस्सियों से इस तरह बंधा हुआ था उनके लिए सांस लेना भी कठिन था। ट्रक चालक तथा उसका साथी जो किसी वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया था दोनों को अस्पताल में उपचार हेतु ले जाया गया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News