लुधियाना के पॉश इलाके में झपटमारों का आतंक, पैदल घर लौट रही महिला को बनाया निशाना

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 10:12 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके सिविल लाइंस स्थित कुंदनपुरी क्षेत्र में बेखौफ झपटमारों द्वारा पैदल घर लौट रही एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके कानों से सोने की बालियां छीनकर फरार हो जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के समय महिला अपने पति के साथ पैदल जा रही थी, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने इस लूटपाट को अंजाम दिया। घटना के बाद से इलाके के निवासियों और खासकर महिलाओं में भारी दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीडि़ता के बयानों के आधार पर अज्ञात झपटमारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता शावला देवी ने बताया कि वह और उनके पति कुलदीप चंद पैदल ही अपने घर की तरफ जा रहे थे। जब दोनों पति-पत्नी सिविल लाइंस स्थित कुंदनपुरी में टंडन की कोठी के नजदीक पहुंचे, तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां आ धमके। पीडि़ता के अनुसार, दोनों में से एक बदमाश तुरंत मोटरसाइकिल से नीचे उतरा और पलक झपकते ही शावला देवी के कानों में पहनी हुई करीब आधा तोला वजनी सोने की बालियां जोर से झपटकर छीन लीं। 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत अपने मोटरसाइकिल सवार साथी के साथ बैठकर मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस झपटमारी से दंपती बुरी तरह घबरा गए और शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश तेज रफ्तार बाइक पर गलियों से होते हुए आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीडि़ता शावला देवी के बयानों के आधार पर दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार लुटेरों के खिलाफ झपटमारी की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के मुख्य चौराहों पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि बाइक के नंबर और आरोपियों के हुलिए की पहचान कर उन्हें जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News