सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ''बाबा बर्गर वाला'' पर FIR दर्ज, जानें क्यों

punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 10:46 AM (IST)

लुधियाना (राज): सोशल मीडिया पर अपने अतरंगी अंदाज के लिए चर्चित और 'बाबा बर्गर वाला' के नाम से मशहूर इन्फ्लुएंसर के खिलाफ थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी फोटो और वीडियो तैयार करने, उन्हें इंस्टाग्राम पर अपलोड कर धार्मिक संस्था के पदाधिकारी की छवि धूमिल करने और बदले में मोटी रकम ऐंठने (ब्लैकमेलिंग) के आरोप में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी प्रबंधक कमेटी के एक प्रमुख सदस्य द्वारा दी गई लिखित शिकायत और लंबी पुलिस पड़ताल के बाद अमल में लाई गई है। नामजद आरोपी की पहचान ताजपुर रोड निवासी रविंदरपाल सिंह पुत्र गजिंदर सिंह (मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर 'बाबा बर्गर वाला') के रूप में हुई है। 

मामले के संबंध में जवद्दी पिंड (मॉडल टाउन) निवासी और गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी प्रबंधक कमेटी के सदस्य नवप्रीत सिंह बिंद्रा ने 21 अगस्त  को पुलिस कमिश्नर और उच्च अधिकारियों को एक लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी रविंदरपाल सिंह आधुनिक एआई (AI) टूल्स के जरिए उनकी फर्जी व आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो तैयार कर रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी रविंदरपाल सिंह ने इन एआई-जनरेटेड फर्जी वीडियो और तस्वीरों को अपने मशहूर इंस्टाग्राम अकाउंट पर सार्वजनिक रूप से पोस्ट कर दिया ताकि समाज और संगत में उनकी साख को बट्टा लगाया जा सके। इसके बाद आरोपी द्वारा उक्त सामग्री को हटाने के एवज में कथित तौर पर ब्लैकमेल करते हुए पैसों की अवैध मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले की तकनीकी व साइबर जांच शुरू करवाई। साइबर सेल और थाना मॉडल टाउन की टीम द्वारा करीब दो महीने तक की गई गहन पड़ताल के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए तमाम गंभीर आरोपों की पुष्टि हो गई।

आरोपों के पुख्ता सबूत हाथ लगने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और थाना मॉडल टाउन में आरोपी रविंदरपाल सिंह के खिलाफ जबरन वसूली (ब्लैकमेलिंग), आईटी एक्ट और मानहानि सहित विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। थाना मॉडल टाउन के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया की आड़ में किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने और साइबर ब्लैकमेलिंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट और संबंधित डिजिटल सामग्री को रिकॉर्ड पर ले लिया है और आरोपी रविंदरपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News