10वीं और 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी, SRS पॉलिटेक्निक कॉलेज में दाखिला शुरू

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 03:52 PM (IST)

लुधियाना: सतगुरु राम सिंह गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में सैशन 2026-27 के दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। उक्त जानकारी डिप्टी कमिश्नर हिमांशू जैन ने दी। उन्होंने बताया कि ऋषि नगर, छोटी हैबोवाल स्थित कॉलेज में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है, जहां छात्र बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

फीस जमा करवाने की प्रक्रिया 24 जून तक
पहले चरण की Online Counselling के तहत रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 9 जून 2026 तक जारी रहेगी। 10 जून तक चॉइस फिलिंग, 15 जून को परिणाम घोषित किया जाएगा, जबकि दस्तावेजों की जांच 22 जून तक और फीस जमा करवाने की प्रक्रिया 24 जून तक चलेगी। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 10वीं पास विद्यार्थी डिप्लोमा के प्रथम वर्ष में दाखिला ले सकते हैं, जबकि ITI, 12वीं साइंस या वोकेशनल पास विद्यार्थी सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश ले सकते हैं। कॉलेज में कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, फैशन डिजाइनिंग, गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग और मॉडर्न ऑफिस प्रैक्टिस समेत 7 डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत फीस में दी जाएगी राहत 
उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को डॉ. आंबेडकर पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना का लाभ मिलेगा, जबकि अन्य विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत फीस में राहत दी जाएगी। कॉलेज में छात्राओं के लिए हॉस्टल, खेल मैदान और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी सुविधा उपलब्ध है। कॉलेज प्रबंधन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते रजिस्ट्रेशन करवाकर पंजाब सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News