प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा का बड़ा दावा, सरकार बनने पर करेंगे ये काम

punjabkesari.in Monday, Jan 23, 2023 - 05:26 PM (IST)

अमृतसर (गुरिंदर सागर): भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा की अध्यक्षता में माधव विद्या निकेतन स्कूल में आयोजित भाजपा पंजाब का 2 दिवसीय राज्य कार्यकारिणी समारोह आज संपन्न हो गया। इस अवसर पर मंच पर सुनील जाखड़, मनोरंजन कालिया, तीक्ष्ण सूद, केवल सिंह ढिल्लों, बृजलाल रिणवा, जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू आदि मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में पंजाब की दिवंगत आत्माओं की आध्यात्मिक शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल 2024 तक बढ़ाने के निर्णय का स्वागत किया। शर्मा ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पंजाब से राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों को शामिल करने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद किया।अश्विनी शर्मा ने प्रेस वार्ता में संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की वर्तमान 'आप' सरकार सहित किसी भी अन्य विपक्षी दल ने पंजाब और पंजाब के लोगों को घोषणाओं के अलावा कुछ भी नहीं दिया। पंजाब के लोगों से किए गए वादों को कभी पूरा नहीं किया।  'आप' सरकार पंजाब की जनता का शोषण करने और लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है। भगवंत मान सरकार ने आज पंजाब में अराजकता का माहौल बना दिया है।

इस सरकार को प्रदेश की जनता और उनकी भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। भगवंत मान सरकार ने किसान संगठनों व अन्य संगठनों की मांगों को मानने का ऐलान किया है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है, जिससे किसान संगठन व अन्य संगठन सड़कों पर बैठकर सी.एम. मान के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। अश्विनी शर्मा ने कहा कि भगवंत मान सरकार के कुशासन से तंग आ चुकी पंजाब की जनता को अब यह पता चल गया है कि अगर राज्य का और उनका विकास कोई कर सकता है तो वह भाजपा है। शर्मा ने कहा कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो पंजाब को नशामुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त और समृद्ध पंजाब बनाया जाएगा। भाजपा देश विरोधी ताकतों को पंजाब तोड़ने के नापाक मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होने देगी। शर्मा ने सभी से संगठनात्मक ढांचे को जल्द से जल्द पूरा कर मजबूत करने का आग्रह किया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Recommended News

Related News