भाजपा के ‘सैल्फी विद बैनिफिशरी’ अभियान को मिल रही सफलता, अब तक 8 लाख का आंकड़ा पार
punjabkesari.in Monday, Jun 12, 2023 - 12:07 PM (IST)

जालंधर (पाहवा): भारतीय जनता पार्टी की तरफ से देश भर में करीब 22 करोड़ उन परिवारों तक पहुंच बनाने की कोशिश की जा रही है, जो सीधे तौर पर केंद्र सरकार की किसी न किसी योजना से लाभ ले रहे हैं। इन लोगों तक पहुंच बनाने के लिए पार्टी ने कुछ देर पहले ‘सैल्फी विद बैनिफिशरी’ योजना का आगाज किया था। इसके माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों को उन महिलाओं से मिलने का मौका दिया गया था, जो सरकारी योजनाओं की सूची में शामिल हैं। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा की तरफ से यह अभियान चलाया गया है।
एक करोड़ तक पहुंचने का लक्ष्य
इसके लिए पार्टी ने चुनावों से पहले 1 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाओं ने अब तक 8.36 लाख लाभार्थी महिलाओं के साथ सैल्फी लेने का आंकड़ा पार कर लिया है।
हर लोकसभा हलके में 20,000 सैल्फी
जानकारी के अनुसार भाजपा की तरफ से हरेक लोकसभा हलके में 20,000 लाभार्थियों तक पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के तहत भाजपा वर्कर की तरफ से लाभार्थी के साथ एक सैल्फी ली जाती है और उससे नाम, आयु, घर का पता तथा योजना को लेकर फीडबैक ली जा रही है। इस सैल्फी और अन्य जानकारी को ‘नमो एप’ पर अपलोड किया जाता है।
चुनावी राज्यों को मिल रहा फायदा
भाजपा को इस अभियान से कितना फायदा होता है, यह तो बाद की बात है, लेकिन जिन राज्यों में आने वाले समय में चुनाव हैं, वहां इसका काफी असर दिख रहा है। वैसे अभी तक के अभियान में सैल्फी इकट्ठा करने के मामले में उत्तर प्रदेश एक नम्बर पर है, जबकि गुजरात दूसरे नंबर पर।
खामियां दूर करने में मिलेगी मदद
भाजपा के नेताओं का कहना है कि इस अभियान से जहां लाभाॢथयों का सही डाटा इक_ा करने में मदद मिल रही है, वहीं उनके सुझाव जानने में भी सहायता मिल रही है। कुछ योजनाओं को लेकर जो ऐतराज आ रहे हैं, वे भी सरकार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
महिलाओं को साथ जोड़ने की कवायद
हाल ही में केंद्र सरकार की तरफ से जो शौचालय बनाने की योजना चलाई गई थी, उसमें कुछ खामियां सामने आई थीं। कुछ राज्यों में तो शौचालय बनाने के काम को पूरा हो जाने का ऐलान किया गया था जबकि वहां पर एक तिहाई ही काम हुआ था। कई जगह पर पानी की सप्लाई जैसे जरूरी काम भी नहीं हुए थे। भाजपा की कोशिश है कि इस अभियान के साथ ऐसी खामियों का डाटा भी एकत्र कर सरकार तक पहुंचाया जा सके। इसके अलावा महिला मोर्चा के ‘कमल मित्रा’ ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत मोदी सरकार की महिलाओं से संबंधित 15 अलग-अलग योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है, जिससे कि महिलाओं के जीवन जीने के स्तर में बदलाव आ सके। संगठन की तरफ से 2023 के आखिर तक इस योजना के तहत 1 लाख महिलाओं को ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 58 हजार महिलाओं ने इसमें पंजीकरण करवाया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here